Chamoli: औली में आयोजित चार दिवसीय शीतकालीन राष्ट्रीय चैंपियनशिप का समापन सोमवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। इस शीतकालीन खेल महाकुंभ में हिमाचल प्रदेश की टीम 17 पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन बनी।

अल्पाइन स्कीइंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए आंचल ठाकुर ने दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए और बेस्ट एथलीट चैंपियन का खिताब हासिल किया। हिमाचल छह स्वर्ण के साथ प्रथम स्थान पर रही, जबकि सेना की टीम तीन स्वर्ण के साथ दूसरे और जम्मू-कश्मीर दो स्वर्ण के साथ तीसरे स्थान पर रही।

देश के विभिन्न हिस्सों से आए खिलाड़ियों ने औली की बर्फीली ढलानों पर चार दिनों तक उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विंटर गेम्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्षमणि व्यास ने कहा कि प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों, सेना, आईटीबीपी की कुल 17 टीमों के 250 से अधिक खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, आईजी आईटीबीपी माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट औली और जीएम गढ़वाल मंडल विकास निगम रहे। अतिथियों ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को मेडल, मोमेंटो और नकद पुरस्कार प्रदान किए। इस दौरान भगवान श्री हरि नारायण प्रभु का महाप्रसाद भी वितरित किया गया।
किशन महिपाल के गीतों के पर थिरके श्रोता
आयेाजित विंटर कार्निवाल का अंतिम दिन लोक गायक किशन महिपाल के नाम रहा। किशन महिपाल की ओर से गाए गए एक से बढ़कर एक गीतों पर श्रोता खूब थिरके।
