Uttarakhand Budget Session: भराड़ीसैंण में कांग्रेसियों ने विधानसभा घेराव कर किया शक्ति प्रदर्शन, पुलिस से हुई नोंकझोंक, सदन के अंदर भी विधायकों का हंगामा

Uttarakhand Budget Session: उत्तराखंड में विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिवालीखाल में जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शन में पार्टी के कई बड़े नेता शामिल हुए। जब कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया तो पुलिस ने पानी की बौछार कर उन्हें रोका। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ तीखी नोंकझोंक भी हुई। वहीं सदन के अंदर भी विपक्ष ने जमकर हंगामा किया।

Uttarakhand Budget Session: बजट सत्र के पहले दिन UKD ने किया प्रदर्शन, कार्यकर्ताओं ने बैरियर तोड़े, पुलिस से हुई नोंकझोंक

बढ़ती महंगाई, जंगली जानवरों का आतंक, महिलाओं पर अत्याचार, बिजली दरों में वृद्धि, बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था, भर्ती घोटाला, होमगार्ड वर्दी घोटाला, भ्रष्टाचार और बढ़ती बेरोजगारी जैसे ज्वलंत मुद्दों के खिलाफ कांग्रेस ने सरकार को घेरा।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि जगह-जगह बैरिकेटिंग लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस पुलिस को कानून व्यवस्था बनाए रखने में लगना चाहिए, उसे सरकार ने विपक्ष को रोकने में लगा दिया है। गणेश गोदियाल ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश का बजट पूरी तरह नाकाम बजट है और अगर विधायकों को अपनी बात रखने का मौका देना है तो विधानसभा सत्र कम से कम 15 दिन तक चलना चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि मौजूदा सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं की रोजगार की आकांक्षाओं को कुचला जा रहा है और प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं

वहीं दूसरी ओर सत्ता पक्ष ने विपक्ष के इस विरोध को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। सत्ता पक्ष के नेताओं का कहना है कि विपक्ष जानबूझकर सदन की कार्यवाही को बाधित करने की कोशिश कर रहा है और यह सब 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को प्रदेश की जनता के मुद्दों से कोई सरोकार नहीं है, इसलिए जनता ने उन्हें पहले भी नकारा है और आने वाले समय में भी इसी तरह जवाब देगी।