Nitin desai suicide: सिनेमा जगत को एक बड़ा झटका लगा है। बॉलीवुड के मशहूर आर्ट डायरेक्टर नितिन देसाई ने बुधवार की सुबह आत्महत्या कर ली है। उनकी मौत का कारण पैसों की तंगी बताया जा रहा है। वह 58 साल के थे। नितिन देसाई की मौत से फैंस और सेलेब्स को गहरा सदमा लगा है। हर कोई उन्हें नम आंखों से याद कर रहा है।
एन डी स्टूडियो में की आत्महत्या
नितिन देसाई ने अपने एन डी स्टूडियो में फांसी लगाई। पुलिस सूत्रों के अनुसार देसाई मंगलवार रात 10 बजे अपने कमरे में चले गए थे। आज सुबह काफी देर तक वो बाहर नहीं आए। उनके बॉडी गार्ड और दूसरे लोगों ने दरवाजा खटखटाया। खिड़की से देखा गया तो देसाई का शव पंखे से लटका हुआ था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आर्थिक तंगी बनी मौत का कारण?
आत्महत्या की वजह आर्थिक तंगी बताई जा रही है। हालांकि, अब तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। महाराष्ट्र के विधायक महेश बाल्दी ने आज बताया कि वह आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। उन्होंने कहा कि उनकी आत्महत्या की ये वजह हो सकती है। उनके परिवार में दो बेटी और एक बेटा है। दोनों बेटी अमेरिका में रहती हैं। बेटा पढ़ाई कर रहा है।
देवदास, लगान जैसी मशहूर फिल्मों के सेट किए तैयार
नितिन ने 1989 में परिंदा फिल्म से एक आर्ट डायरेक्टर के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने कई सुपरहिट फिल्मों के सेट तैयार किए थे। जिन फेमस फिल्मों के सेट उन्होंने तैयार किए थे उनमें प्यार तो होना ही था, हम दिल दे चुके सनम, मिशन कश्मीर,जोधा अकबर,राजू चाचा, देवदास, लगान, बाजीराव मस्तानी शामिल हैं। बिग बॉस का सेट भी उन्होंने डिजाइन किया था। बता दें कि साल 2005 में उन्होंने मुंबई के पास कर्जत में 52 एकड़ में फैला अपना एनडी स्टूडियो खोला था।
बेस्ट आर्ट डायरेक्टर का मिला 4 बार नेशनल अवॉर्ड
सिनेमा की दुनिया में उनका योगदान शानदार रहा है। बेस्ट आर्ट डायरेक्टर के तौर पर नितिन देसाई को 4 बार नेशनल अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया था। अपने दो दशक के करियर में नितिन देसाई ने बॉलीवुड के कई जाने-माने फिल्ममेकर्स संग काम किया, जिनमें संजय लीला भंसाली, विधु विनोद चोपड़ा, राजकुमार हिरानी, आशुतोष गोवारिकर जैसे बड़े नाम शामिल हैं।