IPS Lokeshwar Singh: उत्तराखंड पुलिस के अधिकारी आईपीएस लोकेश्वर सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वर्तमान में एसएसपी पौड़ी गढ़वाल के रूप में तैनात लोकेश्वर सिंह का चयन संयुक्त राष्ट्र (UN) से संबद्ध एक अंतरराष्ट्रीय संगठन में हुआ है। जिसमें वह आगामी पांच सालों तक सेवाएं देंगे। आईपीएस लोकेश्वर सिंह ने पुलिस मुख्यालय और राज्य सरकार को आवश्यक अनुमोदन के लिए आवेदन प्रस्तुत कर दिया है।
कौन है लोकेश्वर सिंह?
लोकेश्वर सिंह साल 2014 बैच के IPS अधिकारी हैं। वह हिमाचल प्रदेश के मूल निवासी हैं। उन्होंने पिछले 11 सालों के दौरान उत्तराखंड पुलिस में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी सबसे बड़ी उपब्धियों में एलयूसीसी घोटाला उजागर करना रहा है।
उन्होंने हरिद्वार, देहरादून, बागेश्वर, चंपावत, पिथौरागढ़ जैसे जिलों में उल्लेखनीय सेवाएं दी हैं और वर्तमान में पौड़ी जनपद की पुलिस व्यवस्था का नेतृत्व कर रहे हैं। अब वह अपनी नई अंतरराष्ट्रीय भूमिका में संस्थागत अखंडता (Institutional Integrity), शांति स्थापना (Peacekeeping) और सतत विकास (Sustainable Development) जैसे वैश्विक उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे। उनकी नियुक्ति न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि भारत और उत्तराखंड दोनों के लिए गौरव का अवसर है, क्योंकि इससे भारत का प्रतिनिधित्व और प्रभाव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगा।
DGP ने दी लोकेश्वर सिंह को भविष्य के लिए शुभकामनाएं
संगठन में सेवाएं देने से पहले उन्होंने पहली औपचारिकताओं के रूप में पुलिस सेवाओं से त्यागपत्र दे दिया है। डीजीपी दीपम सेठ ने उनके त्यागपत्र की पुष्टि की है।
उन्होंने लोकेश्वर सिंह को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकेश्वर सिंह की इस नई नियुक्ति से वंधं का प्रतिनिधित्व और प्रभाव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगा। उत्तराखंड में उन्होंने जिस तरह से अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया है उम्मीद है कि उसी तरह से वह अपनी नई जिम्मेदारियों को भी बखूबी निभाएंगे।