Uttarakhand CM Dhami: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के पद पर पुष्कर सिंह धामी के 4 साल पूरे हो गए हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने जनता को धन्यवाद कहा है और अपने कार्यकाल की उपलब्धियां भी गिनाईं हैं।
पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के तौर पर 4 साल पूरे कर लिए हैं। बता दें कि सीएम पुष्कर सिंह धामी का ये कार्यकाल दो सरकारों का है। धामी को साल 4 जुलाई 2021 में पहली बार उत्तराखंड का मुख्यमंत्री बनाया गया था। वहीं दूसरी सरकार के कार्यालय में उनके तीन साल पूरे हो चुके हैं।
उत्तराखंड के 25 साल के इतिहास में पुष्कर सिंह धामी दूसरे ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने चार साल तक पद संभाला है। इससे पहले नारायण दत्त तिवारी 4 साल तक सीएम थे। इस मौके पर सीएम धामी ने जनता को धन्यवाद कहा है और अपने कार्यकाल की उपलब्धियां भी गिनवाईं हैं।
UCC
सीएम धामी ने सत्ता की कमान संभालने के बाद कुछ ऐसे फैसले लिए, जिनकी चर्चा पूरे देश में हुई। सीएम धामी ने बीजेपी के उस बरसों पुराने वादों को उत्तराखंड में पूरा करके दिखा दिया, जिनका वादा कभी बीजेपी केंद्र में करती आई है। हम बात कर रहे हैं कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता कानून (UCC) की। UCC से उत्तराखंड राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आया। केंद्र से लेकर कई राज्य ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया भी दी।
नकल विरोधी कानून
धामी सरकार ने पेपर लीक माफिया के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए नकल विरोधी कानून लागू किया। इस कानून के तहत 100 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हुई और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ी।
महिला सशक्तिकरण
धामी सरकार ने महिलाओं के लिए कई योजनाएं शुरू की, जिनमें सरकारी नौकरियों में 30% क्षैतिज आरक्षण, महिला सारथी योजना, लखपति दीदी योजना, एकल महिला स्वरोजगार योजना और ड्रोन दीदी योजना शामिल हैं। इनमें कुछ केंद्रीय योजनाएं भी शामिल हैं।
अतिक्रमण पर कार्रवाई
धामी सरकार ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाया और 6,500 एकड़ से अधिक भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया। इस कार्रवाई को धामी ने निष्पक्ष बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य किसी समुदाय को निशाना बनाना नहीं, बल्कि सरकारी संसाधनों की रक्षा करना था।
कृषि और बागवानी
सेब और कीवी की खेती को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार ने मिशन शुरू किए, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में कृषि को नया आयाम मिला। इसके साथ ही पोल्ट्री फार्मिंग के लिए पहाड़ी क्षेत्रों में 40% और मैदानी क्षेत्रों में 30% सब्सिडी की नीति लागू की गई।
सामाजिक कल्याण योजनाएं
वृद्धावस्था पेंशन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के वेतन में वृद्धि जैसे कदमों ने सामाजिक कल्याण को मजबूत किया। इसके अलावा स्ट्रीट चिल्ड्रन पॉलिसी और पर्यावरण मित्रों के लिए मृतक आश्रित नियमावली जैसे निर्णय भी उनके कार्यकाल में ही लिए गए।
ये भी पढ़ें 👉:Haridwar: सीएम धामी ने नदी उत्सव कार्यक्रम का किया शुभारंभ, बोले-आज का दिन मेरे लिए खास
चार वर्ष पूर्ण होने पर हर की पौड़ी में गंगा पूजन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के मुख्य सेवक के रूप में अपने सफल चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर हरिद्वार स्थित हर की पौड़ी ब्रह्मकुंड में मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की समृद्धि, शांति और प्रगति की कामना की। साथ ही उन्होंने मां गंगा से प्रार्थना की कि हरिद्वार आने वाले सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण हों।
विकास संकल्प पर्व में प्रतिभाग
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकुल मैदान हरिद्वार में आयोजित विकास संकल्प पर्व में प्रतिभाग कर ₹ 550 करोड़ की 107 विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
आज का दिन विशेष है – सीएम धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन विशेष है क्योंकि आज ही के दिन 04 जुलाई 2021 को उन्हें देवभूमि उत्तराखण्ड की सेवा करने का मौका दिया गया था। उन्होंने कहा कि वे सबसे पहले मां गंगा का आशीर्वाद लेकर जनमानस के बीच आए हैं। उन्होंने कहा कि वे आज प्रदेश के समग्र विकास और जन आकांक्षाओं को पूरा करने के अपने “विकल्प रहित संकल्प” को पूर्ण करने की इस यात्रा के सफल चार वर्ष पूर्ण कर रहे हैं। उन्होंने सफल चार वर्ष पूर्ण होने पर देवभूमि उत्तराखंड की समस्त देवतुल्य जनता कस हृदयतल से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता द्वारा जताये गए भरोसे के बल पर ही वे आज उत्तराखण्ड के मुख्य सेवक के रूप में प्रदेश की सेवा कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता का प्रेम ही है जो उन्हें प्रत्येक दिन प्रदेश के विकास और समाज की प्रगति हेतु समर्पित भाव से कार्य करने की ऊर्जा प्रदान करता है।
हरिद्वार के लिए कई घोषणाएं
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लालढांग में सिंचाई सुविधा हेतु झील का निर्माण, लालढांग पीएचसी का उच्चीकरण कर सीएचसी बनाए जाने, भगवानपुर से इकबालपुर तक सड़क का चौड़ीकरण, भगवानपुर से सिकरौदा तक सड़क निर्माण, निरंजनपुर में डिग्री कालेज का निर्माण किए जाने, मुबारकपुर-अलीपुर में हाईस्कूल का उच्चीकरण किए जाने, मोहम्मदपुर जटगांव में रजवाहे के दोनों ओर पटरी पर सीसी सड़क का निर्माण किए जाने, विधान सभा झबरेड़ा के अन्तर्गत रुड़की नगर निगम वार्ड न0 22 व 23 में पानी निकासी व सड़क निर्माण किए जाने, खानपुर में ढाडेकी के सौलानी नदी पर पुल निर्माण किए जाने, गिद्धावाली में गंगा नदी घाट पर पुल निर्माण, नागड पलोनी से रांगढ वाला होते हुए भगवानपुर के पास तक मोटर रोड़ का निर्माण, मेवड नागड के शमशान घाट में बाउण्डरी वाल निर्माण किए जाने के साथ, मोहम्मदपुर पाण्डा के अन्तर्गत बाउण्डरी वाल निर्माण किए जाने की घोषणा की।