देहरादून। उत्तराखंड के सबसे बड़े नगर निगम देहरादून के नवनिर्वाचित महापौर सौरभ थपलियाल सहित सभी 100 पार्षदगणों ने शुक्रवार को अपने पद और गोपनीयता की शपथ ली। नगर निगम देहरादून के प्रांगण में आयोजित इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह में नगर निगम के प्रशासक एवं आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने महापौर को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके पश्चात, महापौर सौरभ थपलियाल ने सभी नव निर्वाचित पार्षदों को शपथ ग्रहण करवाई।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर जिलाधिकारी सविन बंसल, नगर निगम के अधिकारीगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में नगर निगम की जनता उपस्थित रही। समारोह में उपस्थित जनसमुदाय ने नव निर्वाचित महापौर और पार्षदों को शुभकामनाएं दीं और उनके कार्यकाल की सफलता की कामना की।
महापौर सौरभ थपलियाल ने शपथ ग्रहण के उपरांत अपने संबोधन में कहा कि वे नगर निगम क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और देहरादून को स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित शहर बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने का आश्वासन दिया और शहरवासियों से सहयोग की अपील की।
नगर निगम देहरादून का यह नया कार्यकाल शहर के विकास और जनकल्याण की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है