BRICS में 6 नए देश होंगे शामिल, PM मोदी की मौजूदगी में हुआ ऐलान

ब्रिक्स में छह नए देश शामिल होंगे। जोहान्सबर्ग में चल रहे BRICS के 15वें समिट में दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति रामफोसा ने ये ऐलान किया। इस दौरान पीएम मोदी भी मौजूद रहे। बता दें कि ब्रिक्स में जिन नए देशों को शामिल किया जाएगा उनमें मिस्र, सऊदी अरब, यूएई, इथियोपिया, अर्जेंटीना और ईरान शामिल हैं। ये सभी जनवरी 2024 से आधिकारिक सदस्य होंगे।

BRICS की सदस्यता विस्तार का समर्थन

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि हमने ब्रिक्स के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुझे विश्वास है कि हम समूह के नए सदस्य देशों के साथ काम करके ब्रिक्स को नई गतिशीलता दे पाएंगे। भारत ने हमेशा इस विस्तार का पूरा समर्थन किया है। इस तरह का विस्तार ब्रिक्स को मजबूत और अधिक प्रभावी बनाएगा। उस भावना में, भारत ब्रिक्स परिवार में अर्जेंटीना, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात का स्वागत करता है।

 BRICS में कौन-कौन देश शामिल

ब्रिक्स में पांच देश शामिल हैं। इन्हीं के नाम के पहले अक्षर को मिलाकर ब्रिक्स का निर्माण हुआ है। ब्रिक्स में B से ब्राजील, R से रूस, I से इंडिया, C से चीन और S से दक्षिण अफ्रीका। ब्रिक्स दुनिया की पांच सबसे तेज गति से उभरती अर्थव्यवस्था वाले देशों का समूह है और अब इसमें छह नए देशों को शामिल करने का एलान किया गया। यानी ब्रिक्स में अब कुल 11 सदस्य हो जाएंगे।