लेह हादसे में 9 जवान शहीद, एक घायल, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, राहुल गांधी ने जताया दुख

रिपोर्ट -राईस वानी

लेह। शनिवार को लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश के लेह जिले में सेना का एक वाहन खाई में गिरने से नौ सैनिकों की जान चली गई है और एक घायल हो गया।

रक्षा अधिकारियों ने बताया कि क्यारी शहर से लगभग 7 किमी दूर खाई में सेना का एक वाहन गिर गया। जिसमें सेना के नौ जवानों की जान चली गई। उन्होंने कहा कि मृतकों में आठ सैनिक और एक जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ) शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सैनिक लेह के पास कारू गैरीसन से क्यारी की ओर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि घायल सैनिक को इलाज के लिए सैन्य अस्पताल ले जाया गया।

 

इस बीच, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट करके कहा कि–

“लद्दाख में लेह के पास एक दुर्घटना के कारण भारतीय सेना के जवानों की मौत से दुखी हूं। हम अपने राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे। मेरी संवेदनाएँ शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल कर्मियों को फील्ड अस्पताल ले जाया गया है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं, ”

 

वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जवानों की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट कर कहा कि–‘लद्दाख में दुखद सड़क दुर्घटना से गहरा दुख हुआ, जिसमें हमने अपने बहादुर सैनिकों को खो दिया, क्योंकि उनका वाहन खाई में गिर गया।’दुख की इस घड़ी में पूरा देश शोक संतप्त परिवारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। उनके प्रति मेरी हार्दिक संवेदना । घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं.’

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी ट्वीट करते हुए कहा कि ‘लद्दाख में सेना की गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण हमारे कई जवानों की शहादत का समाचार अत्यंत दुखद है। सभी शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। जवानों के शोकाकुल परिवारजनों को मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं.’