Jammu Kashmir: जम्मू-कश्मीर में कुदरत ने अपना कहर बरपाया है। शनिवार को रियासी में भूस्खलन और रामबन में बादल फटने से भारी तबाही मची है। दोनों हादसे में कुल 11 लोगों की मौत हो गई। रामबन में बादल फटने से चार लोगों की जान चली गई, वहीं, रियासी में भूस्खलन से एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। दोनों जगहों पर अब भी कई लोग लापता हैं। दर्जनों घर मलबों में तब्दील हो चुके हैं।
रियासी में भूस्खलन से 7 की मौत
रियासी जिले के महौर क्षेत्र में भी लगातार बारिश हो रही है। इसके कारण भूस्खलन की कई घटनाएं सामने आई हैं। यहां भूस्खलन से एक मकान के ढह जाने के कारण एक ही परिवार के सात सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में कई छोटे बच्चे भी शामिल हैं। इनकी पहचान इस प्रकार हुई है-
नजीर अहमद, 38 साल.
बजीरा बेगम, 35 साल.
बिलाल अहमद, 13 साल.
मोहम्मद मुस्तफा, 11 साल.
मोहम्मद अबील, 8 साल.
मोहम्मद मुबारक, 6 साल.
मोहम्मद वसीम, 5 साल.
रामबन में बादल फटने से 4 की मौत
उधर रामबन जिले के राजगढ़ गांव में बादल फटा है। यहां तेज बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ और मलबे में कई घर क्षतिग्रस्त हो गए। बादल फटने से चार लोगों की मौत हो गई और 5 लोग लापता हैं। लापता लोगों की तलाशी जारी है। राहत-बचाव कार्य जोरों पर चल रहा है।
सीएम उमर अब्दुल्ला ने जताया दुख
वहीं मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जान-माल की हानि पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रशासन को तत्काल बचाव एवं राहत कार्य चलाने के निर्देश दिए हैं।
ये भी पढ़ें 👉 :Uttarakhand Cloudburst: चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर में बरपा कुदरत का कहर, मलबे में समाया सब कुछ, गई 5 जिंदगियां, 11 लापता
प्रशासन ने कहा है कि भारी बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसलिए लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। अधिकारियों ने जानकारी दी है कि वो हालात पर नजर बनाए हुए हैं। जरूरत पड़ने पर प्रभावित इलाकों में और भी टीमों को भेजा जाएगा।