Crime News:: ऋषिकेश में युवती की गोली मारकर हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर हत्या की पूरी गुत्थी सुलझाते हुए मुख्य आरोपी सुरेश गुप्ता को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित छुटमलपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से मृतका प्रीति रावत पर जबरन शादी का दबाव बना रहा था और लगातार धमका रहा था। शादी से इनकार किए जाने के बाद आरोपी ने सुनियोजित तरीके से तमंचा खरीदा और 31 जनवरी की रात मृतका के कमरे में घुसकर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून अजय सिंह स्वयं ऋषिकेश पहुंचे और एसओजी समेत कई विशेष टीमें गठित की गईं। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे प्रदेश से बाहर फरार होने से पहले दबोच लिया गया। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और हत्या में प्रयुक्त हथियार सहित पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।
