Dehradun: उत्तराखंड में लगातार बढ़ रहे आपराधिक घटनाओं और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ सोमवार को कांग्रेस सड़कों पर उतरी। देहरादून में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के साथ हजारों कार्यकर्ताओं ने राजभवन कूच किया।
कूच से पहले कांग्रेस नेताओं ने परेड ग्राउंड में सभा की और सरकार के खिलाफ बढ़ते अपराधों, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न, बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था और जंगली जानवरों के आतंक जैसे विभिन्न मुद्दों को लेकर अपना आक्रोश जाहिर किया। इस दौरान प्रदेश प्रभारी शैलजा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एक साथ मंच पर दिखे।
देहरादून की सड़कों पर उमड़ा कांग्रेस का जनसैलाब
देहरादून की सड़कों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। विभिन्न मुद्दों को लेकर हजारों की संख्या में लोकभवन कूच करने निकले कांग्रेसियों को पुलिस ने हाथी बड़कला में बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इसके बाद कई कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता बैरिकेडिंग के ऊपर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश में अपराध चरम पर है। सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। पहाड़ के युवा रोजगार के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। महिलाओं का उत्पीड़न हो रहा है। पहाड़ की जनता जंगली जानवरों के आतंक से परेशान है।
कूच से पहले हटाए गए कांग्रेस के प्रचार बैनर पोस्टर
विपक्ष का आरोप है कि बीजेपी की सरकार सभी मोर्चों पर पूरी तरह से फेल है। लोकभवन कूच के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तरफ से शहर भर में प्रचार प्रसार सामग्री लगाई गई थी, लेकिन इन्हें हटा दिया गया। कांग्रेस नेताओं ने इसकी निंदा करते हुए कहा कि सरकार आवाज दबाना चाहती है।
बीजेपी का पलटवार
वहीं विपक्ष के हल्ला बोल पर बीजेपी नेताओं की दलीलें है। बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस पार्टी को प्रदेश की जनता सीरियस नहीं लेती है।
