Uttarakhand: देहरादून–पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवा शुरू, सीएम धामी ने किया हरी झंडी दिखाकर रवाना

Uttarakhand: उत्तराखंड में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जॉली ग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून–पिथौरागढ़–देहरादून हवाई सेवा का शुभारंभ किया। इस दौरान 42 सीटर विमान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को आगे बढ़ाते हुए राज्य में हवाई सेवाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर एयर कनेक्टिविटी से उत्तराखंड में पर्यटन और तीर्थाटन को नया बल मिलेगा।

उत्तराखंड के निर्माण श्रमिकों के लिए बड़ी पहल: BOCW बोर्ड और CSC के बीच MoU पर हस्ताक्षर

कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में हवाई सेवाओं का विस्तार विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इससे दूरस्थ क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि सरकार का लक्ष्य राज्य के अधिक से अधिक क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़ना है, जिससे स्थानीय लोगों को सुविधा मिले और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिले।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला, उड्डयन विकास प्राधिकरण (उड़डा) के सीईओ आशीष चौहान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पहली बार हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को टिकट भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं भी दीं।