Chamoli में राशन कार्ड सत्यापन अभियान शुरू, अपात्रों पर होगी सख्त कार्रवाई

Chamoli: राज्य सरकार के निर्देशों के अनुपालन में जनपद चमोली में राशन कार्डों का व्यापक सत्यापन अभियान प्रारंभ कर दिया गया है। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के सीमावर्ती जनपदों में कुछ परिवार ऐसे पाए गए हैं, जो दो राज्यों में राशन कार्ड बनवाकर गैस कनेक्शन, आयुष्मान योजना समेत अन्य सरकारी सुविधाओं का दोहरा लाभ ले रहे हैं।

इस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जनपद में एक माह के भीतर राशन कार्डों एवं यूनिटों का सर्वेक्षण, सत्यापन एवं जांच का कार्य किया जाएगा। अभियान के दौरान अपात्र परिवारों के राशन कार्ड निरस्त किए जाएंगे तथा पात्र परिवारों को योजनाओं में सम्मिलित किया जाएगा।

Uttarakhand: कांग्रेस को बड़ा झटका, इन नेताओं ने थामा बीजेपी का दामन

जिला पूर्ति अधिकारी अंकित पाण्डेय ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में यह कार्य खण्ड विकास अधिकारी, सहायक पंचायत विकास अधिकारी एवं ग्राम पंचायत विकास अधिकारी द्वारा किया जाएगा, जबकि शहरी क्षेत्रों में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक एवं नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी सत्यापन की जिम्मेदारी निभाएंगे।

उन्होंने जनपद के समस्त उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति अपात्र श्रेणी में आता है, तो वह स्वेच्छा से अपना राशन कार्ड संबंधित कार्यालयों—ग्राम पंचायत, खण्ड विकास कार्यालय, पूर्ति निरीक्षक कार्यालय अथवा जिला पूर्ति कार्यालय—में जमा कर सकता है।

 

जिला पूर्ति अधिकारी ने चेतावनी दी कि सत्यापन के दौरान यदि कोई व्यक्ति अपात्र पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।