Disaster Alert: उत्तराखण्ड में आपदा प्रबंधन को लेकर एक बड़ी तकनीकी उपलब्धि हासिल हुई है। राज्य में सेल ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम का सफल परीक्षण किया गया है, जिससे अब आपदा के समय लोगों तक तेज़ और सटीक चेतावनी पहुंचाना संभव होगा।
Chamoli में राशन कार्ड सत्यापन अभियान शुरू, अपात्रों पर होगी सख्त कार्रवाई
इस नई तकनीक के जरिए किसी भी आपात स्थिति में मोबाइल फोन पर एक साथ बड़ी संख्या में अलर्ट भेजे जा सकेंगे। खास बात यह है कि यह सिस्टम स्थान-विशिष्ट (Location-based) अलर्ट भेजने में सक्षम है, जिससे केवल प्रभावित क्षेत्रों के लोगों तक ही चेतावनी पहुंचेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि के लिए केंद्र सरकार का आभार जताया और कहा कि यह तकनीक उत्तराखण्ड जैसे आपदा-प्रवण राज्य के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे आपदा के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया संभव होगी और जनहानि में कमी आएगी।
राज्य में आगामी चारधाम यात्रा और मानसून सीजन को देखते हुए इस तकनीक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारी बारिश, भूस्खलन या अन्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान समय पर अलर्ट मिलने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।
Uttarakhand State Disaster Management Authority (USDMA) ने इस सिस्टम के संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अधिकारियों के अनुसार, विशेषज्ञों को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है और अब इसे व्यापक स्तर पर लागू किया जाएगा।
इस पहल से उत्तराखण्ड में आपदा प्रबंधन की क्षमता और मजबूत होगी तथा भविष्य में आपात स्थितियों से निपटने में यह तकनीक अहम भूमिका निभाएगी।
