Dehradun: पटेलनगर क्षेत्र में घर में घुसकर युवक की हत्या, इंटरनेट पर हुई थी दोस्ती, आरोपी गिरफ्तार

Dehradun: राजधानी के पटेलनगर क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। देवऋषि एनक्लेव स्थित एक घर में 48 वर्षीय दीपक गुप्ता की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां दीपक गुप्ता कमरे में मृत अवस्था में मिले और उनकी गर्दन के पीछे गहरे घाव पाए गए।

पुलिस ने मौके से ही 20 वर्षीय आरोपी रोहन प्रजापति को हिरासत में लेकर बाद में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसकी मृतक से इंटरनेट के माध्यम से पहचान हुई थी और मृतक के बुलाने पर वह उनके घर पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कमरे में पड़े चाकू से हमला कर दीपक गुप्ता की हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, मृतक मूल रूप से लखनऊ के रहने वाले थे और पिछले कई वर्षों से अपने भाई-बहनों के साथ देहरादून में रह रहे थे। उनकी पत्नी से करीब 7 से 8 साल पहले तलाक हो चुका था। मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर पटेलनगर कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है।