Nasha Mukt Bharat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आज ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे अत्यंत सराहनीय और दूरदर्शी पहल बताते हुए कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए देश की युवा शक्ति का स्वस्थ, जागरूक और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से मुक्त होना अत्यंत आवश्यक है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह अभियान युवाओं में जागरूकता बढ़ाने, समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति संवेदनशील बनाने और जन-आंदोलन के माध्यम से नशामुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि युवा ही राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान करना समय की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनजागरूकता, प्रभावी कानून व्यवस्था और विभिन्न जन अभियानों के माध्यम से लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं से आह्वान किया कि वे इस जन-अभियान से जुड़कर नशामुक्त उत्तराखंड और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने और युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने परिवार, समाज और आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें और नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-आंदोलन का स्वरूप दें।
