Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शासकीय आवास पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने छात्रसंघ चुनाव में विजयी सभी पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने छात्रहित, संगठन की भूमिका और युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर छात्र पदाधिकारियों से संवाद किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने और उनकी समस्याओं एवं अपेक्षाओं को समझकर सकारात्मक एवं रचनात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा देश और प्रदेश के भविष्य हैं। ऐसे में छात्र संगठनों की भूमिका केवल चुनाव तक सीमित न रहकर छात्रहित और समाज के व्यापक हितों से जुड़े मुद्दों पर भी सकारात्मक पहल करने की होनी चाहिए।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ABVP के नवनिर्वाचित पदाधिकारी अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए छात्र-छात्राओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे।

मुलाकात के दौरान छात्रहित, युवाओं की भूमिका और उनके व्यक्तित्व एवं नेतृत्व क्षमता के विकास से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।
