Gairsain: उत्तराखंड विधानसभा सत्र की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, हंगामे के बीच अनुपूरक बजट समेत 10 विधेयक पारित

Gairsain: उत्तराखंड विधानसभा का भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में आयोजित दो दिवसीय सत्र बुधवार को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। विपक्ष के हंगामे के बीच सदन में अनुपूरक बजट समेत सभी 10 विधेयक पारित किए गए।

सत्र के अंतिम दिन भ्रष्टाचार और अन्य मुद्दों पर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। विपक्षी विधायकों ने सदन के भीतर नारेबाजी करते हुए कागज फेंके और काले झंडे लहराए। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया।

सत्र के अंतिम दिन बुधवार को हुए ग्रुप फोटो सेशन में सिर्फ सत्तारूढ़ भाजपा के विधायक शामिल हुए। कांग्रेस विधायकों ने इसमें हिस्सा नहीं लिया। वे विधानसभा की सीढ़ियों पर धरना देकर सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे थे।