Uttarakhand Chunav 2027: यूकेडी ने जारी की 16 प्रत्याशियों की पहली सूची, कर्णप्रयाग से आशीष नेगी को टिकट

Uttarakhand Chunav 2027: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने चुनाव के लिए 16 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में दो पूर्व विधायकों काशी सिंह ऐरी और पुष्पेश त्रिपाठी को भी चुनाव मैदान में उतारा गया है। केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कुकरेती ने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की।

यूकेडी ने काशी सिंह ऐरी को पिथौरागढ़ और पुष्पेश त्रिपाठी को द्वाराहाट विधानसभा सीट से टिकट दिया है। काशी सिंह ऐरी उत्तराखंड राज्य आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे हैं। वह अविभाजित उत्तर प्रदेश विधानसभा में तीन बार विधायक रह चुके हैं। उत्तराखंड राज्य गठन के बाद वर्ष 2002 में भी वह विधायक चुने गए थे। वहीं, पुष्पेश त्रिपाठी द्वाराहाट से वर्ष 2004 के उपचुनाव और 2007 के विधानसभा चुनाव में विधायक चुने गए थे। वह यूकेडी के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

इन 16 सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी

यूकेडी की पहली सूची में गढ़वाल और कुमाऊं दोनों मंडलों की विधानसभा सीटों को जगह दी गई है। पार्टी ने पिथौरागढ़ से काशी सिंह ऐरी, द्वाराहाट से पुष्पेश त्रिपाठी, देवप्रयाग से पुरण सिंह कठैत, प्रतापनगर से पंकज व्यास, कर्णप्रयाग से आशीष नेगी, जागेश्वर से दिनेश कुंजवाल और राजपुर एससी सीट से देव चंद उत्तराखंडी को प्रत्याशी बनाया है।

 

इसके अलावा साल्ट से प्रताप सिंह, टिहरी से डी.डी. पंत, कपकोट से वरुण चंदोला, काशीपुर से प्रदीप चंद, नानकमत्ता एसटी सीट से कैलाश सिंह पांगती, रामनगर से भुवन चंद्र, देहरादून कैंट से कमांडेंट राजेंद्र सिंह नेगी, खानपुर से ऋतु कुड़ियाल जुयाल और धनौल्टी से चंदन सिंह राणा को टिकट दिया गया है।

जल्द आएगी दूसरी सूची

पार्टी की ओर से बताया गया है कि प्रत्याशियों की दूसरी सूची भी जल्द जारी की जाएगी। इसके लिए संसदीय बोर्ड की सिफारिश के बाद नामों की घोषणा की जाएगी। पहली सूची जारी होने के साथ ही यूकेडी ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अपना चुनावी अभियान आगे बढ़ाने का संकेत दिया है।