Nainital: हनुमान मंदिर में दर्शन कर नैनीताल के नवनियुक्त SSP अर्पण यदुवंशी ने 27 नवंबर को ग्रहण किया कार्यभार, उत्तरकाशी और SDRF में निभा चुके हैं महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां।

नैनीताल। जनपद के नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अर्पण यदुवंशी ने शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को नैनीताल पुलिस की कमान संभाल ली। जनपद पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले काठगोदाम स्थित श्री हनुमान मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद हल्द्वानी स्थित पुलिस कार्यालय पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का कार्यभार ग्रहण किया।
पुलिस कार्यालय पहुंचने पर सलामी गार्द ने उन्हें औपचारिक सलामी दी। इसके बाद नैनीताल पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान का कर चुके हैं नेतृत्व
वर्ष 2017 बैच के IPS अधिकारी अर्पण यदुवंशी अपने सेवाकाल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। पुलिस अधीक्षक रेलवे (GRP) के पद पर रहते हुए उन्होंने रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में कानून-व्यवस्था तथा यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली।
इसके बाद करीब ढाई वर्ष तक पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी के पद पर तैनात रहे। इस दौरान गंगोत्री और यमुनोत्री यात्रा की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के साथ अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारी निभाई। उनके उत्तरकाशी कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान शामिल है। इस अभियान में उन्होंने घटना कमांडर के रूप में विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रयागराज महाकुंभ 2025, SDRF के नेतृत्व में धराली आपदा के दौरान चलाया रेस्क्यू अभियान
अर्पण यदुवंशी ने करीब दो वर्ष तक सेनानायक, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) के रूप में भी सेवाएं दीं। प्रयागराज महाकुंभ 2025 में SDRF की तैनाती और संचालन का नेतृत्व किया। वहीं अगस्त 2025 में धराली आपदा के दौरान उनके नेतृत्व में 1,386 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया और 17 हजार लोगों तक भोजन पहुंचाया गया।
उनके कार्यकाल में SDRF उत्तराखंड को ISO 9001:2015 प्रमाणन प्राप्त हुआ। इस दौरान करीब 1.80 लाख लोगों को आपदा प्रबंधन और सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर किया उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व
अर्पण यदुवंशी ने BRICS आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने सिलक्यारा बचाव अभियान के अनुभवों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा किया। इसके अलावा राष्ट्रीय सुशासन केंद्र (NCGG), लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) और सरदार पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में आपदा प्रबंधन विषय पर व्याख्यान दिए।
कई महत्वपूर्ण सम्मानों से हो चुके हैं सम्मानित
उनके सेवाकाल में किए गए कार्यों के लिए उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय से प्रशंसा-पत्र, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक 2024, महाकुंभ सेवा पदक 2025, अमेरिकी दूतावास का प्रशंसा पदक और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) से प्रशस्ति सहित कई सम्मान प्राप्त हुए हैं। इसके साथ ही पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर से भी उन्हें सम्मानित किया गया है।
नैनीताल में नई जिम्मेदारी संभालने के बाद उनके अनुभव का लाभ जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आपदा प्रबंधन से जुड़ी चुनौतियों से निपटने में मिलने की उम्मीद है।
