Uttarakhand: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में कैबिनेट की बैठक हुई। बैठक में कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये की बढ़ोतरी की गई है तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं, भोजन माताओं और अतिथि शिक्षकों के मानदेय में वृद्धि के लिए कैबिनेट ने मुख्यमंत्री को अधिकृत किया है।
संगठित-असंगठित क्षेत्र के कामगारों की सामाजिक सुरक्षा की चिंता की गई है, जबकि वन आरक्षी पदों के लिए आयु सीमा दो वर्ष बढ़ाने के साथ ही अन्य विभागों में पद सृजन कर युवाओं के लिए रोजगार के दरवाजे खोले गए हैं।
कैबिनेट के निर्णयों की जानकारी देते हुए सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने बताया कि कैबिनेट में 25 प्रस्ताव रखे गए थे, जिन्हें चर्चा के बाद मंजूरी दी गई। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत कार्यरत 12,000 आशा कार्यकर्ताओं की लंबे समय से मानदेय में बढ़ोतरी की मांग कैबिनेट ने पूरी कर दी।
आशा कार्यकर्ताओं को अब 5000 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। अभी उन्हें 3300 रुपये मानदेय मिलता है, जबकि एनएचएम के तहत 5000 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि अतिरिक्त मिलती है।
बता दें कि मुख्यमंत्री धामी ने हाल में ही आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं, भोजन माताओं व अतिथि शिक्षकों के मानदेय में वृद्धि करने की घोषणा की थी।
वन विभाग में अब 31 दिसंबर, 2028 तक वन आरक्षी पदों की सीधी भर्ती के लिए आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष करने को अधीनस्थ वन सेवा नियमावली में संशोधन के प्रस्ताव पर कैबिनेट ने मुहर लगाई है।
इसके अलावा आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त व सहायक आबकारी आयुक्त के 11 नवीन पदों के सृजन, सेतु आयोग के ढांचे को मंजूरी देते हुए इसमें सहायक प्रोग्रामर, सहायक निदेशक, आईटी विशेषज्ञ समेत अन्य पदों के सृजन और कर्मचारी राज्य बीमा योजना में फार्मासिस्ट एलोपैथिक के सीधी भर्ती के पदों के लिए शैक्षिक योेग्यता में डी फार्मा के अतिरिक्त बी फार्मा को भी शामिल करने का निर्णय लिया गया है।
Chamoli: नया नेतृत्व….नवनियुक्त SP अमित श्रीवास्तव ने संभाली जनपद चमोली की कमान
राज्य में संगठित-असंगठित क्षेत्र के कामगारों के हितों की रक्षा के दृष्टिगत सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली को मंजूरी दी गई है। इसके तहत पहली बार गिग व प्लेटफार्म वर्कर्स को वैधानिक मान्यता देते हुए उन्हें भी इस नियमावली के लाभ के दायरे में लाया गया है।
