टीम इंडिया और कप्तान रोहित शर्मा ने एशिया कप 2023 के फाइनल में इतिहास रच दिया है। भारत ने फाइनल में श्रीलंका पर 10 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की। यह भारत की भी वनडे में गेंद शेष रहते सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले टीम इंडिया ने 2001 में केन्या के खिलाफ ब्लोमफोंटेन में 231 गेंद शेष रहते मैच जीता था।
एशिया कप 2023 के फाइनल मैच भारत ने श्रीलंका को 10 विकेट से हरा दिया है। भारतीय टीम रिकॉर्ड आठवीं बार एशियाई चैंपियन बनी है।
मैच में श्रीलंका की टीम पहले खेलते हुए 15.2 ओवर में सिर्फ 50 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। एशिया कप के फाइनल में यह सबसे छोटा स्कोर है। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 21 रन देकर 6 विकेट लिए। यह उनका वनडे का बेस्ट प्रदर्शन है। जवाब में भारतीय टीम ने लक्ष्य को 6.1 ओवर में बिना विकेट के हासिल कर लिया। शुभमन गिल 19 गेंद पर 27 और ईशान किशन 18 गेंद पर 23 रन बनाकर नाबाद रहे। मल्टीनेशन टूर्नामेंट यानी 3 या उससे अधिक देशों के बीच होने वाले वनडे टूर्नामेंट की बात करें, तो टीम इंडिया सबसे कम गेंदों में फाइनल जीतने वाली टीम बन गई है। यह वर्ल्ड रिकॉर्ड भी है।
सिर्फ 129 गेंद में खत्म हो मैच
भारत और श्रीलंका के बीच एशिया कप 2023 फाइनल गेंदों के हिसाब से वनडे इतिहास का तीसरा सबसे छोटा मैच है। भारत और श्रीलंका का मैच सिर्फ 129 गेंद में खत्म हो गया। इससे पहले 2020 में नेपाल-अमेरिका का मैच 104 गेंद में जबकि 2001 में श्रीलंका-जिम्बाब्वे का मैच 120 गेंद पर खत्म हुआ था। टीम इंडिया की यह गेंद के शेष रहते हुए सबसे बड़ी जीत है। मैच में अभी 263 गेंद का खेल बाकी थी। इससे पहले भारतीय टीम ने 2001 में केन्या को 231 गेंद शेष रहते हुए मात दी थी।