Bihar Chunav 2025: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार से बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रचार की औपचारिक शुरुआत कर दी है। प्रचार के पहले ही दिन मुख्यमंत्री धामी ने सिवान, गोरियाकोठी और वारसलीगंज विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं और रैलियों को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री धामी ने इन क्षेत्रों में भाजपा उम्मीदवारों के लिए जनता से समर्थन और मतदान की अपील की। उनके रोड शो और रैलियों में हजारों की संख्या में लोगों की उपस्थिति और जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

सिवान विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी और बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री मंगल पांडेय, गोरियाकोठी विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी देवेशकांत सिंह और वारसलीगंज (नवादा) में भाजपा प्रत्याशी अरुणा देवी की नामांकन प्रक्रिया और आशीर्वाद यात्रा (रोड शो) में भाग लिया और मंच से जनता को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा और एनडीए की सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि एनडीए की सरकार ने बिहार में विकास के कई कार्य आगे बढ़ाए हैं। यदि आगामी विधानसभा चुनाव में फिर से एनडीए की सरकार बनती है, तो बिहार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की नई गाथा लिखेगा।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी तीखा हमला करते हुए कहा कि आरजेडी और कांग्रेस का इतिहास सिर्फ भ्रष्टाचार, परिवारवाद और जंगलराज का रहा है। लालू परिवार और गांधी परिवार में भ्रष्टाचार की होड़ मची है। ये लोग बिहार को पीछे ले जाना चाहते हैं।
बता दें कि बिहार पहुंचने पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री धामी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री से केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने भी भेंट की।
