भारतीय जनता पार्टी (BJP) की अगुआई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। महाराष्ट्र के मौजूदा राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को NDA का उम्मीदवार बनाया गया है। भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में यह फैसला लिया गया। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कौन हैं सीपी राधाकृष्णन?
चंद्रपुरम पोन्नुस्वामी राधाकृष्णन का जन्म 20 अक्टूबर 1957 को तमिलनाडु के तिरुपुर में हुआ। उन्होंने बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में स्नातक किया। आरएसएस से शुरुआती दिनों में जुड़ने के बाद वे 1974 में जनसंघ की राज्य कार्यकारिणी के सदस्य बने।
उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत भाजपा से की और 1996 में तमिलनाडु भाजपा के सचिव बने। 1998 और 1999 में वे कोयंबटूर से लोकसभा सांसद चुने गए। सांसद रहते हुए उन्होंने कपड़ा उद्योग से जुड़ी संसदीय समिति की अध्यक्षता की और कई अहम समितियों के सदस्य रहे।
राज्यपाल के रूप में कार्यकाल
18 फरवरी 2023 को उन्हें झारखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया। यहां उन्होंने चार महीनों में सभी 24 जिलों का दौरा किया। 31 जुलाई 2024 को उन्होंने महाराष्ट्र के राज्यपाल पद की शपथ ली। झारखंड के राज्यपाल रहते हुए उन्होंने तेलंगाना और पुडुचेरी के राज्यपाल का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाला।
राजनीतिक और सामाजिक योगदान
- 2004 से 2007 तक तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष रहे।
- 19,000 किलोमीटर की ‘रथ यात्रा’ निकाली, जिसमें राष्ट्रीय एकता, आतंकवाद उन्मूलन और समान नागरिक संहिता की मांग उठाई।
- कॉयर बोर्ड के अध्यक्ष रहते हुए भारत से कॉयर निर्यात रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचा।
- अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित किया और कई देशों का दौरा किया।
खेलों से भी रहा जुड़ाव
कॉलेज स्तर पर वे टेबल टेनिस चैंपियन और लंबी दूरी के धावक रहे। उन्हें क्रिकेट और वॉलीबॉल का भी शौक है।
एनडीए द्वारा उपराष्ट्रपति पद के लिए उनका नाम सामने आने के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि विपक्ष किस उम्मीदवार को मैदान में उतारता है।