Chamoli: मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के निर्देशानुसार प्रदेश में आम जनमानस को केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने तथा जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को उत्कृष्ट राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज रडुवा चांदनी खाल न्याय पंचायत किमोठ में बहुउद्देशीय शिविर “ प्रशासन गांव की ओर ” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने विभागीय स्टालों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ मौके पर ही आवेदन, शिकायत एवं समस्याओं का निस्तारण किया गया।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों द्वारा 60 से अधिक समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखी गईं, जिनमें से 40 समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। शेष समस्याओं के शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।
शिविर में उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, कृषि, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, उद्योग, समाज कल्याण, पंचायती राज/ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान आरोग्य शिविर, राजस्व विभाग, महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास, , पूर्ति विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को लाभान्वित किया गया।
शिविर के दौरान वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, राशन कार्ड, आधार से संबंधित सेवाएं, विभिन्न प्रमाण पत्रों स्वरोजगार एवं आजीविका से जुड़ी योजनाओं सहित अन्य जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया गया।
