चमोली पुलिस ने आरक्षी जसबीर सिंह को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

पुलिस लाइन गोपेश्वर में आरक्षी जसबीर सिंह को श्रद्धांजलि दी गई। जसबीर सिंह के आकस्मिक निधन पर पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल, पुलिस उपाधीक्षक प्रमोद शाह और पुलिस उपाधीक्षक ऑपरेशन नताशा सिंह ने 2 मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी।


बता दें कि पुलिस लाइन गोपेश्वर में तैनात आरक्षी जसबीर सिंह का रविवार को देहरादून में उपचार के दौरान निधन हो गया था। 7 सितंबर को अचानक जसबीर सिंह की तबीयत खराब हो गई थी जिसके बाद उन्हें जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में भर्ती किया गया था जहां से उन्हें हायर सेंटर देहरादून रेफर किया गया था। आरक्षी जसबीर सिंह बहुत ही मृदुभाषी और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। पुलिस विभाग में भर्ती होने के उपरान्त उनके द्वारा सदैव विभाग के लिए मेहनत, लगन व कर्तव्यनिष्ठा से कार्य किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने आरक्षी जसबीर सिंह के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि चमोली पुलिस परिवार उनके असमय निधन पर अत्यधिक दुखी है तथा उनकी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता है। वहीं पुलिस कार्यालय गोपेश्वर में निरीक्षक अभिसूचना इकाई सचिन चौहान एवं समस्त अधिकारी, कर्मगणों द्वारा दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।

इस दौरान पुलिस लाईन में प्रतिसार निरीक्षक आनन्द सिंह रावत, यातायात उपनिरीक्षक दिगम्बर सिंह उनियाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गयी।