Chamoli: उत्तराखण्ड होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा के स्थापना दिवस की रजत जयंती के शुभ अवसर पर जनपद चमोली मुख्यालय गोपेश्वर में भव्य सांस्कृतिक महोत्सव “उत्सव–2025” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के दौरान होमगार्ड्स के जवानों द्वारा देशभक्ति, लोकसंस्कृति एवं सामाजिक विषयों पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक चमोली द्वारा होमगार्ड प्रकाश लाल और राजेन्द्र सिंह को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए डीजी,सीडी, होमगार्ड ब्रॉन्ज पदक व प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया।
इस दौरान अधिवर्षता पूर्ण करने परे देवेन्द्र सिंह को होमगार्ड्स कल्याण कोष के अंतर्गत आर्थिक सहायता स्वरूप धनराशि का चेक प्रदान किया गया साथ ही विगत वर्ष के दौरान उत्कृष्ट, सराहनीय एवं कर्तव्यनिष्ठ सेवा करने वाले होमगार्ड जवानों को पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
पुलिस कार्यों में उत्कृष्ट सहयोग एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए होमगार्ड यशपाल एवं महिला होमगार्ड शिवानी को पुलिस अधीक्षक चमोली द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
वहीं पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखण्ड होमगार्ड्स बल समाज की सुरक्षा व्यवस्था की एक मजबूत कड़ी है। होमगार्ड्स के जवान न केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करते हैं, बल्कि आपदा, प्राकृतिक संकट, यातायात नियंत्रण, चुनाव ड्यूटी एवं सामाजिक जागरूकता अभियानों में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उत्तराखण्ड जैसे संवेदनशील एवं आपदा संभावित राज्य में होमगार्ड्स की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने जवानों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे भविष्य में भी इसी निष्ठा, ईमानदारी और सेवा भाव के साथ कार्य करते रहें तथा आम जनता की सुरक्षा और सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस एवं होमगार्ड्स के बीच बेहतर समन्वय से ही एक सुरक्षित, अनुशासित और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
इस दौरान सर्वेश कुमार दुबे डीएफओ केदारनाथ वन प्रभाग, दीपक कुमार भट्ट प्रभारी जिला कमांडेंट होमगार्ड, समस्त थाना/चौकी प्रभारी, विजय सिंह गुंसाई सहायक जिला कमांडेट व अन्य मौजूद रहे।
