Chamoli: मुख्य विकास अधिकारी डॉ अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में मंगलवार को विकासखंड दशौली, चमोली के ब्लॉक सभागार में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहा। तहसील दिवस में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने मोटर मार्ग, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा जंगली जानवरों द्वारा फसलों को हो रहे नुकसान सहित अन्य जनसमस्याओं से संबंधित कुल 64 शिकायतें दर्ज कराई।
मुख्य विकास अधिकारी ने जनसमस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।तहसील दिवस के दौरान प्राप्त शिकायतों में से 25 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करते हुए शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को जनता की समस्याओं को शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अधिकारियों ने भी ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
