Champawat: मुख्य सचिव ने टनकपुर में स्थलीय निरीक्षण कर विकास और बाढ़ सुरक्षा कार्यों की प्रगति की समीक्षा की

Champawat: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने आज चम्पावत जनपद के टनकपुर/शारदा बैराज, शारदा घाट, किरोड़ा नाला, बूम, बाटनागाड़ एवं श्यामलाताल क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर विकास एवं बाढ़ सुरक्षा कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पर्यटन एवं एरो स्पोर्ट्स की संभावनाओं की जानकारी भी ली।

उन्होंने टनकपुर स्थित शारदा कॉरिडोर परियोजना की जमीनी स्थिति का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ब्रिडकुल के अधिकारियों से 480 मीटर लम्बे स्पान पुल की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

मुख्य सचिव ने बूम व बाटनागाड़ क्षेत्रों में हो रहे भू-कटाव प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पूर्ण Channelization के बाद प्रभावी बाढ़ सुरक्षा कार्य करने के निर्देश दिए। शारदा नदी के तट पर पहुंचकर उन्होंने सिंचाई विभाग को कार्ययोजना तैयार करने के लिए कहा। माँ पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने बाटनागाड़ क्षेत्र का निरीक्षण किया और मार्ग सुधार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की परिकल्पना अनुसार चम्पावत जनपद में विकसित किए जा रहे Spiritual Economic Zone एवं Eco Tourism को मजबूत करने हेतु मुख्य सचिव ने श्यामलाताल का निरीक्षण किया। उन्होंने कृषि, उद्यान एवं NRLM द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और लाल चावल, मधुमक्खी पालन, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन व बाजार उपलब्धता बढ़ाने पर जोर दिया। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मुख्य सचिव को श्यामलाताल सहित अन्य स्थानों पर चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

खिलाड़ियों को किया सम्मानित

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने चम्पावत जनपद की उभरती खेल प्रतिभाओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु सम्मानित किया। इस अवसर पर विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट उपलब्धि प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों एवं कोच को मेडल एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

मुख्य सचिव ने चम्पावत की उभरती (नेशनल) प्रतिभाओं को सम्मानित करते हुए प्रिंस खोलिया ( ब्रॉन्ज मेडल), दीपांशु जोशी (सिल्वर मेडल), अक्षत बोहरा (ब्रॉन्ज मेडल), अंशिका धामी (नॉर्थ इंडिया गोल्ड मेडल) और हर्षित थापा (जूनियर नेशनल ब्रॉन्ज मेडल) को एक साथ सम्मानित किया।

 

इसके साथ ही अर्जुन सिंह एवं तुषार भट्ट को विद्यालय स्तर से नेशनल प्रतियोगिताओं हेतु चयनित होने पर सम्मानित किया गया। मुख्य सचिव ने खिलाड़ियों के व्यक्तिगत कोच ललित कुंवर एवं कराटे कोच विजय रावत को भी खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु शॉल एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।

 

उन्होंने जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री चंदन सिंह बिष्ट को भी खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने के लिए शुभकामनाएँ दीं।पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु मुख्य सचिव ने बूम फॉरेस्ट गेस्ट हाउस परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत हरसिंगार (पारिजात) का पौधा रोपा। कुमाऊँ कमिश्नर श्री दीपक रावत ने भी इस अवसर पर रुद्राक्ष का पौधा रोपित किया। मुख्य सचिव ने कहा कि खेल और पर्यावरण—दोनों ही क्षेत्र समाज को नई दिशा देते हैं, इसलिए युवाओं को स्वस्थ वातावरण और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।