Champawat: चंपावत जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा के दृष्टिगत प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अपनी विधानसभा चंपावत के मैदानी क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री धामी बनबसा के आनंदपुर-चन्दनी क्षेत्र पहुँचे, जहाँ उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया तथा ग्रामीणों को ढांढस बंधाया।
उन्होंने प्रभागीय वनाधिकारी को सिंचाई विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर हुड्डी नदी के चैनलाइजेशन हेतु तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके उपरान्त मुख्यमंत्री ने देवीपुरा क्षेत्र में पहुँचकर बाढ़ प्रभावित स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राउंड जीरो पर जाकर आपदा प्रभावित ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और अधिकारियों को पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के स्पष्ट निर्देश दिए।
देवीपुरा क्षेत्र में सेना, NDRF, SDRF, राजस्व एवं पुलिस विभाग संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ग्राउंड जीरो पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रित रखी जाए तथा प्रत्येक प्रभावित परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने NHAI को भी तत्काल प्रभाव से जल निकासी हेतु ठोस प्रबंध करने के निर्देश दिए।