Champawat: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एनएचपीसी सभागार बनबसा में सरस कॉर्बेट महोत्सव का आधिकारिक टीज़र लॉन्च किया। यह 7 दिवसीय आयोजन 18 से 24 फरवरी तक जनपद चम्पावत में आयोजित होगा। महोत्सव का आयोजन प्रधानमंत्री की उत्तराखण्ड में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने की दूरदर्शी परिकल्पना को साकार रूप देते हुए किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने इस मौके पर कहा कि यह महोत्सव चम्पावत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था, प्राकृतिक सौंदर्य और साहसिक पर्यटन गतिविधियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि देवभूमि के सांस्कृतिक रंग, लोक परंपराएँ और प्रकृति की अद्भुत छटा इस आयोजन के माध्यम से देश-विदेश तक पहुँचेगी।
महोत्सव में कुमाऊँ की लोक संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिलेगी। बांसुरी, मस्कबीन और हुड़का की धुनों के बीच झोड़ा, छपेली और चांचरी जैसे पारंपरिक लोकनृत्य सांस्कृतिक संध्याओं को विशेष बनाएँगे। जनपद के प्रमुख आस्था केंद्र —बालेश्वर मंदिर, पूर्णागिरि मंदिर और गोल्ज्यू देवता मंदिर —की आध्यात्मिक गरिमा भी महोत्सव की पहचान बनेगी।
सरस मेला महोत्सव में स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय शिल्पकारों और ग्रामीण उद्यमियों के उत्पाद प्रदर्शित होंगे। फूड फेस्टिवल में उत्तराखण्ड के पारंपरिक व्यंजनों के साथ देशभर के स्वादिष्ट पकवानों का आनंद लिया जा सकेगा। पर्यटन और रोमांच के शौकीनों के लिए कॉर्बेट महोत्सव विशेष रहेगा। पंचेश्वर क्षेत्र में एंगलिंग, शारदा नदी में राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग, माउंटेन बाइकिंग और हॉट एयर बैलून जैसी गतिविधियाँ पर्यटकों को रोमांच का अनूठा अनुभव देंगी। रात्रि में लेजर शो आयोजन को और भव्य बनाएगा।
