Chandika Devi: 13 साल बाद जिलासू की आराध्य देवी चंडिका की दिवरा यात्रा शुरु, अब 9 माह तक करेंगी भ्रमण

Chandika Devi: चमोली जनपद के पोखरी विकासखंड में 27 गांवों की आराध्य देवी जिलासू की चंडिका देवी ने 13 साल बाद श्रद्धालुओं को दर्शन दिए। नौ दिवसीय अनुष्ठान के बाद देवी ने दर्शन दिए और देवी अपने मायके के गांव सरमोला के लिए रवाना हुईं। इसके साथ ही देवी की नौ माह की दिवारा यात्रा भी शुरू हो गई है। अब नौ माह तक देवी चंडिका अपने ध्याणियों और अन्य गांवों का भ्रमण करेंगी।

बता दें कि जिलासू में गंगनाली क्षेत्र के 27 गांवों की अराध्य देवी चंडिका का मंदिर है। हर बारह साल में देवी सुख शांति और ध्याणियों से मिलने के लिए दिवारा यात्रा पर जाती हैं। इस बार यह यात्रा 13 साल बाद हो रही है जिसके लिए बीते 23 सितंबर को देवी चंडिका अपने सिवाई स्थित बनातोली पहुंचीं। यहां नौ दिनों तक पूजा और अनुष्ठान के बाद बृहस्पतिवार दोपहर को देवी बनातोली के गर्भगृह से बाहर आईं। स्नान की परंपरा के निर्वहन के बाद गांव में चंडिका का अन्य देवी देवताओं से मिलन हुआ।

 

 

इस दौरान देवनृत्य और ऐरवालों का नृत्य हुआ। महिलाओं ने देवी के जागर गाए जिसके बाद देवी अपने मायके के गांव सरमोला के लिए रवाना हुईं। दिवारा यात्रा समिति के अध्यक्ष दिलबर चौहान ने बताया कि दिवारा यात्रा के तहत देवी सरमोला में दो दिनों तक प्रवास करेंगी। इसके बाद 27 गांवों का भ्रमण होगा। इस दौरान दिवारा यात्रा समिति के सचिव ईश्वरी राणा, राजा चौहान, गिरीश सिंह आदि मौजूद रहे