Chardham Yatra 2025: उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2025 इस समय अपने दूसरे चरण में है। वहीं अब चारों धामों गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ धाम और बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने की तिथि भी घोषित कर दी गई है।
गंगोत्री धाम
शीतकाल के लिए 22 अक्टूबर को गंगोत्री धाम के कपाट बंद होंगे। अन्नकूट पर्व पर अभिजीत मुहूर्त में सुबह 11 बजकर 36 मिनट पर विधि-विधान के साथ गंगोत्री धाम के कपाट बंद होंगे।
यमुनोत्री धाम
वहीं यमुनोत्री धाम के कपाट 23 अक्तूबर को बंद होंगे। इसके बाद मां यमुना का शीतकालीन प्रवास खरशाली स्थित यमुना मंदिर में होगा। जहां छह महीने तक उनकी पूजा-अर्चना और दर्शन किए जा सकेंगे।
बदरीनाथ धाम के कपाट 25 नवंबर को होंगे बंद
भगवान श्री बदरी विशाल जी के कपाट 25 नवंबर 2:56 पर समस्त श्रद्धालुओं के लिए बंद किए जाएंगे। 21 नवंबर से पंच पूजाएं शुरू होंगी।
धाम परिसर में विजयादशमी पर्व पर पंचांग गणना और टिहरी राजदरबार के आदेशानुसार धर्माधिकारी द्वारा कपाट बंद होने की तिथि की घोषणा की गई।
भैया दूज पर केदारनाथ धाम के कपाट होंगे बंद
इसके अलावा 23 अक्टूबर भैया दूज के पर्व पर बाबा केदारनाथ धाम के कपाट बंद होंगे। इसके लिए मंदिर को 10 क्विंटल फूलों से सजाया जा रहा है। बता दें कि पौराणिक परंपराओं के अनुसार भगवान केदारनाथ के कपाट भैयादूज पर्व पर बंद होने की परम्परा हैं, इसकी विधिवत घोषणा विजयदशमी पर्व पर होती है।
10 अक्टूबर को हेमकुंड साहिब
हेमकुंड साहिब व लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट बंद होने की तिथि 10 अक्टूबर को तय की गई है। कपाट बंद होने की तैयारियों में गुरूद्वारा हेमकुंड साहिब मेनेजमेंट ट्रस्ट जुट गया है।
बता दें कि चारधाम यात्रा का शुभारंभ इस साल 30 अप्रैल 2025 को हुआ था जब गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खोले गए। इसके बाद 2 मई को केदारनाथ धाम तथा 4 मई को बदरीनाथ धाम श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु खोले गए थे।