Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज विकासनगर, देहरादून में श्री खाटू श्याम धाम में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्री खाटू श्याम धाम में पूजा-अर्चना कर प्रदेश में खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा खाटू श्याम के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा खाटू श्याम की महिमा अपरंपार है।
विकासनगर में नवनिर्मित खाटू श्याम धाम अब सिर्फ आस्था का केंद्र ही नहीं रहेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी लेकर आएगा। देवभूमि उत्तराखंड के कण-कण में भगवान का वास माना जाता है। यहां के देवस्थल इस पर्वतीय राज्य को आध्यात्मिक और अलौकिक पहचान देते हैं। इसी क्रम में दिल्ली-यमुनोत्री चारधाम यात्रा मार्ग पर श्री खाटू श्याम धाम की स्थापना की गई है।
प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पहुंचने के बाद धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। उत्तराखंड में केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हनोल स्थित महासू देवता मंदिर जैसे प्रमुख धाम पहले से ही मौजूद हैं। इसके अलावा ऋषिकेश और हरिद्वार जैसे ऐतिहासिक व धार्मिक स्थल भी श्रद्धालुओं के प्रमुख केंद्र हैं।
दिल्ली-यमुनोत्री चारधाम यात्रा मार्ग पर विकासनगर क्षेत्र के कालसी, हरिपुर और बाढ़वाला का भी धार्मिक व ऐतिहासिक महत्व रहा है। इसी क्रम में प्रदेश सरकार हरिपुर में मां यमुना, टौंस और अमलावा नदी के तट पर घाट निर्माण कार्य भी करवा रही है।
अब इसी यात्रा मार्ग के बीच हरबर्टपुर में श्री खाटू श्याम बाबा का भव्य मंदिर धाम के रूप में तैयार हो गया है। मंदिर निर्माण के लिए विकासनगर के सुधीर महावर ने जमीन दान दी और निर्माण में सहयोग भी किया। इससे श्रद्धालुओं में खुशी के साथ गौरव की भावना देखने को मिल रही है।
श्याम बाबा के धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। आस्था के साथ-साथ स्थानीय लोग अब यहां पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों से रोजगार के नए अवसर तलाशने लगे हैं।
धामी ने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए कौशल के साथ समर्पण भी आवश्यक है। यदि हम किसी कार्य को समर्पित भाव से करेंगे तो उसमें निश्चित ही सफलता प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि हमारे जीवन में जो कुछ भी होता है, वह भगवान की कृपा से होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने बाबा केदार के धाम से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखण्ड का दशक बताया था, जिस पर राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
