Dehradun: प्रदेश में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध की रिपोर्ट सार्वजनिक होने पर प्रदेश महिला कांग्रेस ने भाजपा कार्यालय कूच किया। कांग्रेस कार्यकर्ता अपने साथ मिट्टी के बर्तन में गोबर लेकर आए थे और उन्होंने भाजपा के शुद्धि की बात कही।
बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के साथ कांग्रेसी बलवीर रोड स्थित भाजपा कार्यालय का घेराव करने पहुंचे।पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। कांग्रेसियों ने इस दौरान जमकर नारेबाजी की। महिला कांग्रेस कार्यकर्ता वहीं पर धरने पर बैठ गईं। कांग्रेस ने प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों की बात कहते हुए भाजपा पर हमला बोला।
हरक सिंह भी हुए प्रदर्शन में शामिल
इस दौरान पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत भी प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने भी भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। हंगामे के दौरान पुलिस ने महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत और अन्य कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर लिया। जिनको बाद में रिहा किया गया।
महिला कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि देश में भाजपा की सरकार आने के बाद से महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहीं। रौतेला ने सवाल उठाया कि देहरादून जैसा शहर, जो शिक्षा के लिए पूरी दुनिया में पहचान रखता है, उसे महिलाओं के लिए असुरक्षित शहरों की सूची में दसवां स्थान मिला है। यह भाजपा की नाकामी और प्रदेश में डर का माहौल पैदा करने का सबूत है। ज्योति रौतेला ने कहा कि महिला कांग्रेस इस माहौल के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करती रही है, लेकिन इसके बावजूद महिला आयोग की अध्यक्ष भाजपा प्रवक्ता की तरह काम कर रही हैं, न कि महिलाओं की आवाज उठाने का काम।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कूच को बताया फ्लॉप
वही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इस कूच को फ्लॉप बताते हुए कहा कि गोबर उठाने वाले का भी कुछ नाम होता है। उन्होंने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मुझे शक है कि कांग्रेस जिस विषय को लेकर प्रदर्शन कर रही है उस संस्था को पैसे देकर कांग्रेस ने ही सर्वे कराने का काम किया है और प्रदेश में इस प्रकार के मैसेज फैलाने का काम कांग्रेस द्वारा किया जा रहा है।