Dehradun: उत्तराखंड भाजपा की नई टीम ने संभाला पदभार, जीत की हैट्रिक का लिया संकल्प

Dehradun: उत्तराखंड में भाजपा मुख्यालय पर पार्टी की नवगठित प्रदेश कार्य समिति के पदाधिकारियों ने अपना चार्ज संभाल लिया है। बीजेपी प्रदेश कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण पदों पर प्रदेश महामंत्री के रूप में कुंदन परिहार और तरुण बंसल, पहली बार महिला महामंत्री के रूप में दीप्ति भारद्वाज ने अपने कार्यालय में अपना चार्ज संभाला। इसके अलावा प्रदेश कार्यालय सचिव के पद पर जगमोहन सिंह रावत ने भी प्रदेश कार्यालय में अपना कार्यभार संभाला।

मंगलवार को भाजपा मुख्यालय पर एक भव्य पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट एवं प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार की मौजूदगी में हुए हवन पूजन में सभी प्रदेश महामंत्री, मंत्री, कार्यालय प्रभारी, मीडिया प्रभारी समेत प्रदेश टीम के पदाधिकारी उपस्थित रहे‌। इस दौरान हुए हवन में प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री संगठन मंत्री के साथ नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, शैलेंद्र बिष्ट, स्वराज विद्वान प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल, प्रदेश मंत्री सतीश लखेड़ा, आदित्य चौहान, नेहा जोशी, गौरव पांडे, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह संयोजक राजेंद्र नेगी, विनय गोयल, सोशल मीडिया संयोजक हिमांशु संगतानी, सह संयोजक करुण दत्ता, गौरव सिंह, आईटी संयोजक प्रवीण लेखवार आदि नवनियुक्त पदाधिकारियों ने भाग लिया।

इस दौरान सभी पदाधिकारियों ने एक दूसरे को बधाइयां दी और आगामी 2027 चुनाव के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा, आप सबको तत्काल प्रभाव से मिशन 2027 को जीतने के लिए जुटना है। एक एक बूथ तक डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों और संगठन की सक्रियता को पहुंचाना है‌। आप सबके पुरुषार्थ और समर्पण से देवभूमि की जनता का आशीर्वाद भाजपा को मिला निश्चित है। इस दौरान बड़ी संख्या में सरकार में दायित्वधारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।