राज्यपाल ने किया वेल्हम बॉयज स्कूल में मिलट्री हिस्ट्री सेमिनार का शुभारंभ

देहरादून। डालनवाला स्थित वेल्हम बॉयज स्कूल में दो दिवसीय मिलट्री हिस्ट्री सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है। राज्यपाल ले.ज. गुरमीत सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर सेमिनार का शुभारंभ किया। इस सेमिनार में अरूणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल के. टी. परनाइक (से नि) भी उपस्थित रहे। इसके बाद स्कूल के अध्यक्ष दर्शन सिंह ने छात्रों को भारत के इतिहास और सेना के द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी दी।


सेमिनार का  शुभारंभ करते हुए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने कहा कि प्रत्येक देशवासी को भारत के सैन्य इतिहास को जानना और समझना जरुरी है। उन्होंने कहा कि भारतीय सैन्य इतिहास वीरता, सम्मान और साहस के उदाहरणों से भरा पड़ा है। भारतीय सैन्य जवानों ने अपनी बहादुरी और पराक्रम के बल-बूते कई युद्धों में दुश्मनों को हमेशा ही करारा जवाब दिया है। इन युद्धों में हमने अपने कई वीर जांबाजों को भी खोया है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने वीर योद्धाओं के पराक्रम और उनके बलिदान को जानना बहुत जरूरी है।

राज्यपाल ने वेल्हम बॉयज़ स्कूल की इस पहल के लिए सराहना की और अन्य स्कूलों में भी इस तरह के सेमिनार और कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इससे बच्चे हमारे सैन्य इतिहास के गौरवशाली पलों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि सैन्य इतिहास की जानकारी रणनीतिक रूप से मजबूत करने में भी सहायक है। राज्यपाल ने छात्रों को पाकिस्तान और चीन जैसे पड़ोसी देशों के साथ भारत के संबंधों के साथ-साथ विभिन्न युद्धों सहित सैन्य सेवा के दौरान अपने अनुभवों को साझा किया।

राज्यपाल ने कहा कि हमें अपना आत्म मूल्य (सेल्फ वर्थ) को जानना बहुत जरूरी है। भारत विकसित और विश्वगुरु भारत की ओर अग्रसर है। उन्होंने छात्रों से अमृतकाल के इस समय में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे प्रत्येक कार्य को हमेशा लगन और परिश्रम के साथ करें और हर कार्य में अतिरिक्त प्रयास लगाएं। उन्होंने बच्चों को अपने संचार कौशल को भी बेहतर करने का आह्वान किया।

बता दें कि सेमिनार के माध्यम से सेना के इतिहास के बारे में छात्रों को जानकारी दी जाएगी। सेमिनार में विभिन्न स्कूलों के बच्चे प्रतिभाग कर रहे हैं।