देश के महंगे वकीलों में शुमार हरीश साल्वे ने 68 साल की उम्र में रचाई तीसरी शादी

देश के पूर्व सॉलिसिटर जनरल और मशहूर वकील हरीश साल्वे तीसरी बार शादी के बंधन में बंध गए है। उन्होंने हाल ही में रविवार को लंदन में 68 वर्ष की उम्र में तीसरी बार शादी की।


हरीश साल्वे केंद्र सरकार की नवगठित वन नेशन- वन इलेक्शन कमेटी के भी सदस्य हैं। उन्होंने ब्रिटिश मूल की ट्रिना से शादी की है। उनकी शादी में नीता अंबानी, ललित मोदी और उज्ज्वला राउत समेत करीबी दोस्त और परिवार के लोग शामिल हुए।

हरीश साल्वे ने की तीसरी शादी

बता दें कि हरीश साल्वे अपनी पहली पत्नी मीनाक्षी से साल 2020 में अलग हो गए थे। उनकी दो बेटियां- साक्षी और सानिया हैं। 38 वर्ष की मीनाक्षी से अलग होने के कुछ ही महीनों बाद उन्होंने कैरोलिन से दूसरी शादी की थी। कैरोलिन की भी यह दूसरी शादी थी। अब तीन साल से भी कम समय में हरीश साल्वे ने तीसरी बार शादी की है। उनकी तीसरी पत्नी का नाम ट्रिना है।

कई हाई-प्रोफाइल मामलों के वकील

सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले साल्वे कई हाई-प्रोफाइल मामलों के वकील रहे हैं। सलमान खान को काला हिरण शिकार मामले में तीन दिन के भीतर ही अग्रिम जमानत दिलाने वाले वकील भी हरीश साल्वे ही थे। इतना ही नहीं वोडाफोन, मुकेश अंबानी, रतन टाटा और आईटीसी होटल्स के केस भी लड़ चुके हैं। वहीं, पाकिस्तान में मौत की सजा पाए कुलभूषण जाधव का केस भी हरीश साल्वे ने ही लड़ा था। इसके लिए साल्वे ने भारत सरकार से सिर्फ एक रुपये फीस ली थी।

ये हैं हरीश साल्वे से जुड़ीं खास बातें

हरीश साल्वे तब मशहूर हुए, जब उन्होंने भारत के सुप्रीम कोर्ट में पहले एंटी-डंपिंग मामले की पैरवी की। 2015 में हरीश साल्वे ने सलमान खान के 2002 के हिट-एंड-रन मामले की पैरवी की। जिन्हें पहले पांच साल जेल की सजा सुनाई गई थी। 10 दिसंबर 2015 को बॉम्बे हाईकोर्ट के फैसले के बाद खान को 2002 के हिट-एंड-रन और ड्रंक-एंड-ड्राइव मामले के सभी आरोपों से बरी कर दिया गया था। हरीश साल्वे ने नवंबर 1999 से नवंबर 2002 तक भारत के सॉलिसिटर जनरल के रूप में कार्य किया था। उनको वेल्स और इंग्लैंड की अदालतों के लिए रानी के वकील के रूप में नियुक्त किया गया था। भारत के सॉलिसिटर जनरल नियुक्त होने से पहले उन्हें 1992 में दिल्ली हाईकोर्ट में वरिष्ठ वकील नियुक्त किया गया था।