World Mental Health Day 2023: क्यों मनाया जाता है ये दिन

World Mental Health Day 2023 : हर साल 10 अक्टूबर को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर जागरूक करना और मानसिक बीमारियों के बारे में जानकारी देना है। तो आइए जानते हैं कि इस दिन को मनाने की शुरुआत कब हुई, इसका महत्व क्या है और इस साल इसका थीम क्या होगा…

1992 से विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस मनाने की शुरुआत

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस हर साल 10 अक्टूबर को मनाया जाता है। साल 1992 में इस दिन को मनाने की शुरुआत हुई। जब संयुक्त राष्ट्र के उप महासचिव रिचर्ड हंटर और वर्ल्ड फेडरेशन फॉर मेंटल हेल्थ ने इसकी पहल की। गौरतलब है कि वर्ल्ड फेडरेशन फॉर मेंटल हेल्थ 150 से अधिक सदस्य देशों वाला एक वैश्विक मानसिक स्वास्थ्य संगठन है।

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस का इतिहास 

बाद में 1994 में संयुक्त राष्ट्र के तत्कालीन महासचिव यूजीन ब्रॉडी ने मानसिक स्वास्थ्य दिवस की एक थीम का निर्धारण कर यह दिवस मनाने की सलाह दी। उसी वर्ष पहली बार “दुनिया भर में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार” थीम के साथ विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस मनाया गया।

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस मनाने का उद्देश्य 

कोविड काल के बाद मानसिक स्वास्थ्य पर असर अधिक देखने को मिला। वर्तमान जीवनशैली में दबाव, चिंता और किसी तरह की परेशानी के कारण लोग मानसिक बीमारियों के शिकार हो रहे हैं। मानसिक विकार शरीर पर प्रभाव डालने के साथ ही व्यक्ति के मन में आत्महत्या तक के ख्याल आने का कारण बन जाते हैं। इन्हीं मानसिक विकारों के प्रति लोगों के बीच जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। कुछ देशों में तो मानसिक रोगों से बचाव और नुकसान के बारे में जागरुक करने के लिए मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह भी मनाते हैं।

विश्व मानसिक दिवस 2023 की थीम

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के लिए हर साल एक अलग थीम निर्धारित की जाती है। इसी थीम पर आधारित कार्यक्रम, सेमिनार और अन्य आयोजन होते हैं। वर्ल्ड फेडरेशन फॉर मेंटल हेल्थ की अगुवाई में साल भर थीम के आधार पर कार्य होता है। इस बार की थीम – “मेंटल हेल्थ इज ए यूनिवर्सल ह्यूमन राइट (Mental health is a universal human right)”यानी ‘मानसिक स्वास्थ्य एक सार्वभौमिक मानव अधिकार है’।