उत्तराखंड में पिछले पांच सालों में इस साल डेंगू से सबसे ज्यादा मौतें

उत्तराखंड के सात जिलों में अभी तक डेंगू के मरीज सामने आए है। जबकि छह पर्वतीय जिलों में डेंगू का कोई मरीज नहीं मिला है। चिकित्सा विशेषज्ञों के मुताबिक किसी संक्रमण रोग के तीन साल के बाद प्रकोप बढ़ने की संभावना रहती है। डेंगू का संक्रमण काल नवंबर- दिसंबर रहता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशानिर्देश के बाद फॉगिंग और लार्वा नष्ट करने के लिए विभागों ने कसरत तेज की है।

वहीं अगर बात करें डेंगू से मरने वालों की तो प्रदेश में पिछले पांच सालों में इस साल अब तक सबसे अधिक 12 मौतें हुई हैं। इसमें 11 मौतें अकेले देहरादून में हुई हैं। बता दें कि जिले में अब तक डेंगू के सबसे अधिक 589 मरीज मिले हैं। वहीं 2019 में प्रदेश में डेंगू तेजी से फैला था और कुल आठ मरीजों की मौत हुई थी।

ये है डेंगू रोगियों की स्थिति

वर्ष          डेंगू मामले  मौतें

2018                 591                  02

2019                 10622               08

2020                   76                   01

2021                     738                02

2022                    –                       –

2023 अब तक    1005               12