Holi 2026: होली की धूम, रंगों की मस्ती में आंखों और त्वचा का रखें ख्याल, डॉक्टर्स ने दी सावधानी बरतने की सलाह

Holi 2026: होली रंगों और आपसी भाईचारे का त्योहार है, जिसे सभी को सुरक्षित और संयमित तरीके से मनाना चाहिए। ऐसे में होली पर त्वचा और आंखों के बचाव पर विशेष ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है। चिकित्सक लोगों को रंगों के प्रयोग में सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।

चिकित्सकों की सलाह

अग्रवाल मेडिकल सेंटर के निदेशक डॉ. यशपाल अग्रवाल के अनुसार, होली पर रंगों के चयन में सावधानी बरतनी चाहिए। केमिकलयुक्त रंगों से आंखों को नुकसान पहुंचने के अलावा त्वचा में जलन, रेशेस, दाने उभरना, चकत्ते पड़ सकते हैं।

आशीर्वाद अस्पताल लक्सर के निदेशक डॉ. अमित कुमार राय ने बताया कि रसायनिक और केमिकल वाले रंग के आंखों में चले जाने से गंभीर नुकसान हो सकता है। होली खेलते समय आंखों के बचाव पर विशेष ध्यान रखना चाहिए।

Blood Moon 2026: आज साल का पहला चंद्रग्रहण , मंदिरों के कपाट बंद

मुख्य चिकित्सा अधिकारी पौड़ी डॉ. एस.एम. शुक्ला ने बताया कि होली के मद्देनजर उनके अधीन आने वाले सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि होली के दौरान कई बार लोग नशे की ओर आकर्षित हो जाते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं और अन्य प्रकार की घटनाओं में चोट लगने की आशंका बढ़ जाती है।

सीएमओ ने आमजन से अपील की कि होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाएं, लेकिन नशे से दूर रहें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि त्योहार की खुशियां किसी अप्रिय घटना से फीकी न पड़ें।

इस तरह बरतें सावधानी

-प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल करें।

-होली खेलने से पूर्व त्वचा पर नारियल तेल लगाएं।

-आंखों के बचाव के लिए चश्मा लगाएं।

-एलर्जी होने पर रंगों से बचें।

-रंग को छुड़ाते समय त्वचा को अधिक रगड़ें नहीं।

-आंखों में रंग जाने पर तत्काल साफ पानी से धोएं।

-आंखों अथवा त्वचा पर समस्या होने पर चिकित्सक से परामर्श लें।