एशियाई खेल 2023 में भारत ने कुल 107 पदक अपने नाम किए हैं। यह एशियाई खेलों में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
एशियाई खेल 2023 में भारत का अभियान खत्म
चीन के हांगझाऊ में आयोजित हुए एशियाई खेलों में भारत ने 107 पदकों के साथ अपना अभियान खत्म किया। भारत की झोली में 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41 कांस्य पदक आए। यह अब तक हुए एशियाई खेलों में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। ऐसे में भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर है।
आज के गोल्ड मेडल
बैडमिंटन में सात्विक-चिराग ने जीता स्वर्ण
बैडमिंटन के पुरुष युगल में सात्विक-चिराग की जोड़ी ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। भारत ने पहली बार एशियाई खेलों में बैडमिंटन में स्वर्ण पदक जीता है। इस जोड़ी ने पिछले साल राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण और विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। अब एशियाई खेलों में भी इन दोनों ने इतिहास रच दिया है।
महिला कबड्डी टीम ने जीता स्वर्ण
महिला कबड्डी टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। भारत ने फाइनल में चीनी ताइपे को हराकर स्वर्ण पदक जीता।
पुरुष क्रिकेट टीम को मिला स्वर्ण पदक
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को भी स्वर्ण पदक मिला है। फाइनल मैच में भारत का सामना अफगानिस्तान के साथ था। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.5 ओवर में पांच विकेट खोकर 112 रन बनाए थे। इसके बाद बारिश के कारण आगे का खेल नहीं हो सका और बेहतर वरीयता के आधार पर भारत को विजेता घोषित कर दिया गया। टीम इंडिया को स्वर्ण पदक मिला। वहीं, अफगानिस्तान को रजत के साथ संतोष करना पड़ा।
पुरुष कबड्डी टीम ने जीता स्वर्ण पदक
क्रिकेट के बाद कबड्डी में भी भारतीय पुरुष टीम ने स्वर्ण पदक जीत लिया है। भारत ने विवादों से भरे फाइनल मैच में ईरान को हराया है। भारत ने यह मैच 33-29 से अपने नाम किया।