Kalsi: जहां एक ओर एक ग्राम सभा होने के बाद भी प्रधान पद के लिए 3-3 दावेदार चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं जौनसार बावर के खत समाल्टा के 11 गांवों ने ग्राम फटेऊ की प्रियंका चौहान को निर्विरोध रूप से कालसी ब्लॉक के लिए बीडीसी सदस्य चयनित किया है।
खत समाल्टा का इतिहास रहा है कि यहां दलगत राजनीति से उठकर विकास का कार्य हो या सामाजिक कार्य, खत के सभी लोग बहुत ही मनोयोग एवं सहयोग से कार्य करते हैं। जिसका उदाहरण पूरे उत्तराखण्ड और हिमांचल प्रदेश को तब देखने को मिला, जब चालदा महाराज 18 माह तक खत समाल्टा के प्रवास पर थे। खतवासियों ने ऐसी मिसाल कायम की कि खत का नाम इतिहास के पन्नों पर दर्ज हो गया। जौनसार बावर एवं हिमांचल में जब भी कहीं देव कार्यक्रम होता है, तो खत समाल्टा का नाम जरूर आदर के साथ लिया जाता है।
प्रियंका चौहान एक सुशिक्षित महिला हैं, उन्होंने इतिहास से एम0ए0 किया है। प्रियंका चौहान का कहना है कि खतवासियों द्वारा वीडीसी के लिए निर्विवादित रूप से मुझे चयनित करने के लिए मैं पूरे खतवासियों के जनमानस का आभार प्रकट करती हूँ। उन्होंने कहा कि मैं विकास के कार्य ईमानदारी और बिना किसी भेदभाव के सम्पन्न करने का पूरा प्रयास करूंगी।
उल्लेखनीय है कि इस बार कालसी ब्लॉक में प्रमुख का पद महिला के लिए आरक्षित किया गया है। इसलिए प्रमुख पद की प्रियंका चौहान भी प्रबल दावेदार हैं। प्रियंका चौहान के वीडीसी पद पर नामांकन के समय खत समाल्टा के सैकड़ों कार्यकर्ता गाजे-बाजे के साथ कालसी ब्लॉक में उपस्थित हुए थे।