Phool Dei: सीएम आवास में मना उत्तराखंड का लोकपर्व फूलदेई, बच्चों ने देहरी में बिखेरे फूल

Phool Dei Festival 2025: उत्तराखंड में होली के साथ लोक पर्व फूलदेई को बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया। वहीं शासकीय आवास पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बच्चों के साथ लोक पर्व फूलदेई का त्यौहार मनाया।

इस विशेष अवसर पर स्थानीय वेशभूषा में सजे सवरे बच्चों ने  ‘फूल देई छम्मा देई, जतुक देला, उतुक सई, फूल देई छम्मा देई, दैणी द्वार भरी भकार’ पारंपरिक गीतों के साथ फूलदेई का त्यौहार मनाया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह ने कहा कि स्थानीय वेशभूषा में सजे-संवरे बच्चों ने पारंपरिक गीतों के साथ वातावरण को उल्लासपूर्ण बना दिया। ईश्वर से सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।

प्रकृति का आभार प्रकट करने और बसंत ऋतु के स्वागत का प्रतीक लोकपर्व फूलदेई न केवल सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है, बल्कि हमारे प्राचीन रीति-रिवाजों को सम्मान देने का भी एक महत्वपूर्ण अवसर है।

ये भी पढ़ें 👉:उत्तराखंड में होली की धूम: रंगों के रंग में सराबोर हुए सीएम धामी, कुमाऊंनी गीतों पर जमकर थिरके

वसंत के आगमन का पर्व है फूलदेई

फूलदेई वसंत के आगमन का पर्व है। इस दिन से चैत्र माह का भी आगाज़ होता है। ये पर्व प्रकृति का पर्व है, जो कुछ समय के लिए विलुप्ति की कगार पर था लेकिन आज फिर इसे बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जाने लगा है। इस दिन से वसंत के गीतों को भी गाया जाता है। शरद ऋतु को विदाई दी जाती है और वसंत के आगमन का उल्लास मनाया जाता है।