रुद्रपुर, 12 जून।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “विकसित भारत का अमृतकाल: सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण” थीम पर आधारित प्रोफेशनल मीट का आयोजन बुधवार को रुद्रपुर स्थित एक निजी होटल में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी थे।
मंत्री जोशी ने रिबन काटकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया और एक विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जिसमें केंद्र सरकार की 11 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया गया था।
अपने संबोधन में मंत्री जोशी ने कहा कि, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने बीते 11 वर्षों में अभूतपूर्व विकास किया है। चाहे महिला सशक्तिकरण हो या किसानों, युवाओं, श्रमिकों और गरीब वर्ग के हितों की योजनाएं – सरकार ने अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का कार्य किया है। यह कालखंड सेवा, सुशासन और समावेशी विकास का प्रतीक बन गया है।”
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने ‘अंत्योदय’ के मंत्र को चरितार्थ करते हुए गरीबों को आवास, शौचालय, बिजली, गैस कनेक्शन, मुफ्त राशन और स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की हैं। मंत्री जोशी ने हाल ही में सफलतापूर्वक संपन्न ऑपरेशन सिन्दूर का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री के निर्णायक नेतृत्व की सराहना की।
कार्यक्रम में उन्होंने आम नागरिकों से आह्वान किया कि वे “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को आत्मसात करें और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर प्रमुख उपस्थितजन:
विधायक रुद्रपुर शिव अरोड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, प्रदेश प्रवक्ता विनोद सुयाल, अमित नारंग, प्रकाश हरमोला, विनीता सक्सेना, हरमान चौधरी, प्रेम सिंह राणा, उत्तम सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।