Rain Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) देहरादून द्वारा जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 9 और 10 जुलाई 2026 को उत्तराखंड के कई जनपदों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौर की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
यहां एक दिन का अवकाश घोषित
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद देहरादून, हरिद्वार, अल्मोड़ा और नैनीताल में 9 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। यह फैसला छात्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लिया गया है।
Uttarakhand बना देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य, राज्यपाल ने दी स्वीकृति
9 जुलाई को इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 9 जुलाई को देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चम्पावत जनपदों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में भारी बारिश की आशंका के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।
10 जुलाई को भी जारी रहेगा बारिश का असर
10 जुलाई को पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, चम्पावत और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि देहरादून, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।
अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील
सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से मौसम विभाग की चेतावनियों का गंभीरता से पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि विशेषकर पर्वतीय और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें। नदी-नालों, बरसाती गधेरों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से परहेज करें तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।
24×7 अलर्ट मोड पर रहेगा प्रशासन
राज्य सरकार ने सभी जिलों के प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और संबंधित विभागों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए पर्याप्त मानव संसाधन, मशीनरी और राहत सामग्री उपलब्ध रखने को कहा गया है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या आपातकालीन सेवाओं से संपर्क करें तथा केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी मौसम संबंधी जानकारी पर ही भरोसा करें।
