Rudraprayag: सिंद्रवाणी गांव में मृतक दक्ष के परिजनों से मिले डीएम, 10 लाख सहायता, पीएम आवास योजना की सुविधा के निर्देश 

Rudraprayag:  जनपद के विकासखंड अगस्त्यमुनि अंतर्गत ग्राम सिंद्रवाणी में गुलदार के हमले से मृतक पांच वर्षीय बालक के पीड़ित परिजनों से आज जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया। जिलाधिकारी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिवार को इस विषम परिस्थिति में धैर्य एवं हौसला बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि संपूर्ण जिला प्रशासन इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है तथा हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

जिलाधिकारी ने परिवार की आर्थिक व सामाजिक स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास लाभ दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर गांव में ही सुरक्षित स्थान पर परिवार के विस्थापन की भी व्यवस्था किए जाने की बात कही। उन्होंने आश्वस्त किया कि मृतक बालक की माता के बैंक खाते में 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी।

जिलाधिकारी ने मृतक बालक की दो बहनों को राज्य सरकार की छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 18 वर्ष की आयु तक शिक्षा का लाभ दिलाने तथा मृतक के दादा-दादी को वृद्धावस्था पेंशन से आच्छादित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

Rudraprayag: सिन्द्रवाणी गांव में गुलदार ने 5 साल के दक्ष को बनाया अपना निवाला, क्षेत्र में दहशत, दो दिन 8 स्कूलों में छुट्टी

ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने गांव एवं सड़क किनारे उगी झाड़ियों के तत्काल कटान के निर्देश दिए। गांव में आज ही पांच सोलर लाइट स्थापित कराई गई हैं।