बेखौफ अपराधियों के हौंसले बुलंद है। पंजाब के लुधियाना में पूर्व मंत्री और सीनियर अकाली नेता जगदीश सिंह गरचा के घर पर लूटपाट का मामला सामने आया है। वारदात को उनके नौकर ने ही अंजाम दिया है। घर पर पूर्व मंत्री जगदीश सिंह गरचा, उनकी पत्नी, बहन और एक नौकरानी मौजूद थी। रात में नौकर ने सभी को नशीला पदार्थ खिलाया और घर में लूटपाट कर फरार हो गया। तीन महीने पहले ही नौकर को काम पर रखा गया था।
सिविल अस्पताल में भर्ती
घटना का पता उस समय चला जब निर्माण कार्य करने मजदूर घर पहुंचे। आवाज लगाने पर किसी ने दरवाजा नहीं खोला तो वह बाहर ही बैठ गए। इसी दौरान पूर्व मंत्री का ड्राइवर घर पहुंचा तो मजदूरों ने दरवाजा न खोलने की बात बताई। वह खिड़की खुली देख अंदर गया तो चारों लोग बेहोश मिले। है। पूर्व मंत्री समेत सभी को बेहोशी की हालत में लुधियाना के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तीन महीने पहले रखा था नेपाली नौकर को काम पर
पक्खोवाल रोड स्थित महाराजा रंजीत सिंह नगर में पूर्व मंत्री जगदीश सिंह गरचा, उनकी पत्नी जगजीत कौर, बहन और नौकरानी रेनू रहते है। उन्होंने करीब तीन महीने पहले ही नेपाली नौकर को काम पर रखा था। जबकि रेनू करीब 12 साल से काम कर रही है और उन्हीं के घर पर रहती है। बताया जाता है कि रोजाना नेपाली नौकर ही सब के लिए खाना बनाता था।
सदर थाना पुलिस उसकी तलाश में जुटी
रविवार को उसने खाने में कोई नशीला पदार्थ मिला दिया और उसके बाद वह सभी को खाना खिलाने के बाद खुद अंदर चला गया। जब सभी बेहोश हो गए तो उसने घर में अपने साथियों को बुलाया और लूटपाट की। आरोपी ने घर की एक-एक अलमारी खंगाली। नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। थाना सदर की पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।