Tharali: चमोली के थराली विकासखण्ड सभागार में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना के परिणामो में सूना जिला पंचायत सीट पर भाजपा अधिकृत प्रत्याशी हरीश राम सोनियाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी हरीश ज्योति को 164 मतों से परास्त कर विजय हासिल की।
इस सीट पर भाजपा ने हरीश राम को अधिकृत किया था। वहीं कांग्रेस ने ओमप्रकाश सोलियाल पर दांव खेला ,लेकिन इस सीट पर कांग्रेस अधिकृत प्रत्याशी मतगणना के शुरुआती रुझानों में ही मुकाबले में पिछड़ते नजर आए। यहां भाजपा अधिकृत हरीश राम को 1715 मत प्राप्त हुए। वहीं निर्दलीय हरीश ज्योति को 1524 मत प्राप्त हुए।
वहीं थराली की चौण्डा जिला पंचायत सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी कला देवी रिकॉर्ड मतों से विजयी हुई। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय प्रत्याशी जीवंती देवी को 1463 मतों से परास्त किया। इस सीट पर विजयी कला देवी को 3545 मत प्राप्त हुए, वहीं जीवंती देवी को 2080 मत प्राप्त हुए। इस सीट पर भाजपा अधिकृत प्रत्याशी भारती देवी 1266 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रही। वहीं दीपा देवी 967 मतों के साथ चौथे स्थान पर और इस सीट पर इससे पूर्व जिला पंचायत सदस्य रही बबीता महेश त्रिकोटी 592 मतों के साथ अंतिम पांचवे स्थान पर रही।