UKSSSC Paper Leak: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की स्नातक स्तरीय परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले में बेरोजगारों का धरना जारी है। वहीं शुक्रवार को उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा नेतृत्व में कांग्रेसियों ने देहरादून के गांधी पार्क में बेरोजगारों के समर्थन में धरना दिया।
बरेली में जुमे की नमाज पर बवाल, अराजक तत्वों ने की माहौल खराब करने की कोशिश, किया पथराव, पुलिस ने लाठी चार्ज कर संभाला मोर्चा #Bareilly #ILoveMuhammad #jumanamaz #PoliceAction #viralvideo #news pic.twitter.com/qSIrZwI6jw
— bitv uttarakhand (@BitvUttara59630) September 26, 2025
इस दौरान कांग्रेस ने सरकार से इस मामले की सीबीआई जांच कराये जाने की मांग उठाई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि सरकार पेपर लीक मामले की एसआईटी जांच करा रही है, लेकिन एसआईटी सरकार के इशारे पर काम करेगी। इसमे पकड़े जाने वाले लोगों के संबंध भाजपा के साथ रहे हैं। तब कैसे माना जा सकता है कि बेरोजगारों को न्याय मिलेगा।
करन माहरा ने कहा कि इससे पहले भी कुख्यात नकल माफिया हाकम सिंह को पुलिस ने साल 2021 में पेपर लीक प्रकरण में गिरफ्तार किया था। उसी तरह पटवारी, एई और जेई भर्ती परीक्षा के पेपर लीक करने पर मंगलौर के पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष को एसआईटी ने अरेस्ट किया था। अब की बार दोबारा भर्ती पेपर लीक मामले में हाकम सिंह गिरफ्तार हुआ है। इस बार फिर पेपर लीक के तार भाजपा की तरफ जुड़ रहे हैं।
करन माहरा का आरोप है कि हरिद्वार में जिस संस्थान से पेपर लीक हुआ, वह संस्थान भी भाजपा नेता का ही है। तब कैसे माना जा सकता है कि एसआईटी निष्पक्षता से जांच कर पाएगी। माहरा ने कहा कि यहां तो हाकम सिंह को संरक्षण देने वाले मगरमच्छों के अलावा बड़ी मछली का नाम भी पेपर लीक में आ रहा है। उन्होंने बड़ा बयान दिया कि अगर इस मामले की हाईकोर्ट के सिटिंग जज की देखरेख में सीबीआई जांच हो गई, उस दिन बड़ी मछली का नाम आते ही 12 घंटे के भीतर भाजपा सरकार गिर जाएगी।